मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के बापू सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा की गई, जिसमें विद्यालयों द्वारा फार्म जमा न करने एवं छात्रों के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में जाकर जांच करें और छात्रों के फार्म जमा कराकर योजना से लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें।
जनपद में फैमिली आईडी बनाने के लिए विभागवार निर्धारित लक्ष्य की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और कहा कि फैमिली आईडी कार्य में तेजी लाएं, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करा दिए जाएं साथ ही उन्होंने गौशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता, गौवंश में टीकाकरण तथा जल भराव की समस्याओं के समाधान को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी नियमित रूप से गौशालाओं का भ्रमण करते रहें और डाक्टर की भी उपलब्धता बनी रहें।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत कनेक्शन और खराब ट्रांसफार्मर को लेकर विभाग स्तर से की जा रही लापरवाही और आमजन शिकायतों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारी को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा विद्युत कनेक्शन को लेकर जो लापरवाही बरती जा रही है, उससे आम जनमानस को समस्या हो रही है।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जांच कर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय से कृषि बीज उपलब्ध कराये जाएं। उन्होंने कहा कि फसल बीमा के तहत जिन कृषकों द्वारा आवेदन किया गया है उनकी क्षतिग्रस्त हुई फसलों का आंकलन कर लक्ष्य के सापेक्ष लाभान्वित किया जाये। बीमा कंपनी किसानों के भुगतान में लापरवाही न बरते तथा बैंकों द्वारा किसानों का भुगतान रोके जाने पर एलडीएम को उन बैंको का चिन्हीकरण कर कार्यवाही के निर्देश दिए।
श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि श्रम विभाग के अधिकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराएं तथा पात्रता के आधार पर अधिकतम लोगों को योजना से लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि कन्या विवाह सहायता योजना के अन्तर्गत पात्रों को चिन्हित करके लाभान्वित किया जायें।
उन्होंने कहा कि अधिकारीगण आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत का संतोषजनक निस्तारण कर फीडबैक अवश्य लें, डिफाल्टर की श्रेणी में न रहें इसको सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम, आईसीडीएस, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पारिवारिक लाभ योजना, गन्ना मूल्य भुगतान, भवन निर्माण, सड़क निर्माण आदि के बारे में भी विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. कुलदीप सिंह के साथ साथ जिला विकास अधिकारी, डीएफओ, एलडीएम, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।



