मुरादाबाद राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मुरादाबाद शहर स्थित एसएस चिल्ड्रन एकेडमी गर्ल्स स्कूल में छात्राओं को एलबेंडाजोल टेबलेट खिलाकर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे हिन्दी और अंग्रेजी समाचार पत्रों और पुस्तकों से जुड़े तथा नियमित तौर पर उन्हें पढ़ें, इससे उनमें ज्ञान और तार्किक क्षमता का विकास होगा। उन्होंने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाए जाने के उद्देश्य के बारे में भी जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कुलदीप सिंह ने बताया कि 01 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित खुराक देकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण का बच्चों की सेहत पर काफी दुष्प्रभाव पड़ता है, इससे बच्चों में एनीमिया, थकावट, कुपोषण और कमजोरी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। उन्होंने इससे बचाव के तरीकों के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे नाखून साफ व छोटे रखें, हमेशा साफ पानी पिये, खाना खाने से पहले और शौच के बाद हाथों को साबुन से धोएं, खाने को ढककर रखें, आसपास सफाई रखें, जूते/चप्पल पहनें, फल व सब्जियां धोकर खाने सहित अन्य विभिन्न सावधानियों से कृमि संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।
इस अभियान के अंतर्गत 1556609 बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य है। 10 फरवरी को जो बच्चे दवाई खाने से छूट गए हैं उन्हें 13 फरवरी को मॉपअप के अंतर्गत दवाई खिलाई जाएगी।




