• Mon. Feb 9th, 2026

50 लाख रुपए से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न……

जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद मुरादाबाद में 50 लाख रुपए से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायीं संस्थाओं को निर्देशित किया कि जनपद में जो भी निर्माण परियोजनाएं चल रही हैं उन पर आने जाने का रास्ता हो, इसको सुनिश्चित किया जाये तथा निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर पूर्णतया ध्यान रखा जाये। उन्होंने सभी कार्यदायीं संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में अपनी निर्माण परियोजनाओं को पूर्ण कर हैण्डओवर कराना सुनिश्चित करें।
कार्यदायीं संस्था यूपीसीएनडीएस द्वारा राजकीय प्रक्षेत्र रौण्डा के सुदृढ़ीकरण में भौतिक प्रगति धीमी होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लि. द्वारा जनपद मुरादाबाद की ग्राम पंचायत रतनपुर कलां में स्टेडियम ओपन जिम निर्माण तथा बिलारी में गन्ना किसान संस्थान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यदायीं संस्था सीएनडीएस द्वारा मूढापाण्डे में आईटीआई का निर्माण एवं फर्नीचर उपकरण तथा बिलारी में प्रशासनिक भवन निर्माण, कन्वेंशन सेंटर एवं मैरिज हाॅल निर्माण तथा नगर पंचायत महमूदपुर माफी में पंचायत घर में पुस्तकालय शूट सेंटर को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा पंडित नगला बाईपास पर रेलवे क्रासिंग ऊपरीगामी सेतु के निर्माण की भौतिक प्रगति 73.88 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लाक एवं बालिका छात्रावास भवन निर्माण की भौतिक प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उ.प्र. जल निगम ग्रामीण द्वारा रुस्तमनगर सहसपुर में सोलर पैनल एवं मिट्टी भराव का कार्य कैम्पस में शेष रहने पर जिलाधिकारी ने जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उ.प्र. राजकीय निर्माण निगम को निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने उ.प्र. जल निगम नगरीय, यूपी सिडको, सीएनडीएस, उ.प्र. पर्यटन विकास निगम, उ.प्र. राज्य सेतु निगम, लोेक निर्माण विभाग,प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड प्रथम लोेक निर्माण विभाग, नलकूप विभाग, उ.प्र. वक्फ विकास निगम लिमिटेड, पैकफेड आदि कार्यदायीं संस्थाओं द्वारा जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी जी0बी0 पाठक, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रबन्धक/प्रतिनिधि उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *