• Mon. Oct 12th, 2026

पीएमएस पब्लिक स्कूल में लगी दुर्लभ डाक टिकटों की प्रदर्शनी, एडीएम सिटी ने किया उद्घाटन…

ByAajkijankirti

Oct 12, 2026

मुरादाबाद। राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर) के अंतर्गत सोमवार को फिलाटेली दिवस के अवसर पर पीएमएस पब्लिक स्कूल, मुरादाबाद में दुर्लभ एवं प्राचीन डाक टिकटों तथा प्रथम दिवस आवरणों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह के महत्व, ऐतिहासिक धरोहरों और डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।प्रदर्शनी में प्रदर्शित दुर्लभ एवं ऐतिहासिक डाक टिकटों का अवलोकन करते हुए एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि डाक टिकट संग्रह केवल एक शौक नहीं, बल्कि देश के इतिहास, संस्कृति, कला और भौगोलिक विरासत को जानने का महत्वपूर्ण माध्यम है। डाक टिकटों के जरिए विद्यार्थियों को ऐतिहासिक घटनाओं, महान व्यक्तित्वों और देश की सांस्कृतिक विविधता के बारे में जानकारी मिलती है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में ज्ञानार्जन, रचनात्मकता और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक होते हैं।विद्यालय की प्रधानाचार्या निश्मा ने विद्यार्थियों को पत्र लेखन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन लंबे समय से संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। इस अवसर पर उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी देते हुए पार्सल, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा (पीएलआई/आरपीएलआई), सुकन्या समृद्धि योजना और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की सेवाओं के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं एवं बचत योजनाओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ संदेश के साथ स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने सेल्फी लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया तथा डाक टिकटों से जुड़ी ऐतिहासिक एवं रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार एवं पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करने के साथ ही डाक विभाग की गतिविधियों और सेवाओं के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।यह कार्यक्रम प्रवर अधीक्षक डाकघर, मुरादाबाद मंडल के मार्गदर्शन में उप डाकघर (सिटी), मुरादाबाद द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मैथ्यू सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी तथा डाक विभाग से अरुण मोहन सांख्यधर, आशुतोष शर्मा, आयुष यज्ञसेनी, शिवम सक्सेना सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *