मुरादाबाद। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के तहत मंगलवार को अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र में जागरूकता रैली में हिस्सा लिया और पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।जागरूकता कार्यक्रम में मंडलायुक्त संगीता सिंह, डीआईजी रेंज मुरादाबाद मुनिराज , जिलाधिकारी अनुनय झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा, अधिकारों और शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया गया। साथ ही, किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा अपराध होने पर बिना भय के शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध तथा महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।इसके अलावा महिला हेल्प डेस्क तथा राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग की भूमिका और उपलब्ध सहायता सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि संबंधित अधिकारियों और सहायता तंत्र से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर जोर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने के साथ ही उनके लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।







