• Wed. Feb 18th, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित…..

ByShaziya Ansari (Editor)

Feb 18, 2026

जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।किसान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि से जुड़ी समस्याओं और अन्य ग्रामीण क्षेत्र की शिकायतों और समस्याओं को सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश दिए।जिले की चीनी मिलों द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में समयबद्धता का पालन किए जाने पर किसानों ने एक स्वर में जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया और कहा कि अब उनके सामने गन्ना मूल्य भुगतान में अनावश्यक विलंब होने का मुद्दा नहीं है।किसानों ने जिलाधिकारी से कहा कि उन्हें अधिक उपज और उच्च गुणवत्ता के गन्ना वैरायटी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए ताकि गन्ने की फसल आर्थिक रूप से अधिक लाभदायक हो सके।छजलैट क्षेत्र में पशुओं का गलत तरीके से उपचार करके किसानों से उपचार के नाम पर भारी रकम वसूलने वाले झोलाछाप व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई का मुद्दा भी किसानों ने जिलाधिकारी के समक्ष उठाया।इस प्रकरण में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से विस्तृत जानकारी लेते हुए एसडीएम कांठ को निर्देशित किया कि सम्यक जांच के उपरांत दोषी पाए जाने की स्थिति में ऐसे व्यक्ति को तत्काल जेल भेजने की कार्यवाही होनी चाहिए।उपनिदेशक कृषि ने बताया कि गन्ने की अंतः फसली के रूप में मूंग फसल के लिए एग्री दर्शन पोर्टल पर नि:शुल्क मूंग बीज हेतु बुकिंग चल रही है और बुकिंग की अंतिम तिथि 24 फरवरी 2026 निर्धारित है इसलिए किसान बंधु नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से यथाशीघ्र बुकिंग कर लें।अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक द्वारा एक जांच दो बार किए जाने और दोनों बार पैसे लिए जाने के प्रकरण में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि इस प्रकरण में संबंधित किसान को पैसे वापस दिलाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अल्ट्रासाउंड से जुड़ी सेवाएं जिला चिकित्सालय में भी उपलब्ध हैं इसलिए आमजन जिला चिकित्सालय की अल्ट्रासाउंड सेवाओं का लाभ उठाएं।इस अवसर पर एडीएम प्रशासन संगीता गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं किसान बंधु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *