• Thu. Feb 19th, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न….

ByShaziya Ansari (Editor)

Feb 19, 2026

मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई।
जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों की सक्रियता और अवैध रूप से संचालित अस्पताल और क्लिनिकों के विरुद्ध कार्रवाई की स्थिति के बारे में विस्तृत समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी एक माह तक व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर झोलाछाप अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई हो।
अवैध रूप से संचालित क्लीनिक एवं अस्पतालों को सील करते हुए वहां मौजूद सभी मेडिकल उपकरण भी कब्जे में लिए जाएं और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगामी एक माह में मजिस्ट्रेट और पुलिस की मदद से निष्पक्ष तरीके से स्वास्थ्य मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए कार्रवाई होनी चाहिए।
जनपद में 157 अवैध रूप से संचालित क्लीनिक एवं अस्पतालों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए अभिलेख दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए थे।
जुर्माने की धनराशि जमा करने के लिए 15 दिवस का अवसर दिया गया था, इनमें से करीब 30 लोगों ने जुर्माने की धनराशि जमा कर दी है और अन्य प्रकरणों में निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद भी अवैध संचालन करने वाले लोगों द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया है परिणामस्वरूप इनके विरुद्ध एडीएम वित्त एवं राजस्व कार्यालय से कुर्की की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया है कि कार्यवाही बिना किसी भेदभाव के होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर भेदभाव पूर्ण कार्यवाही की पुष्टि होती है तो निश्चित तौर पर सख्त कार्यवाही होगी।
आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जनपद स्तर से प्रभावी पर्यवेक्षण न किए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और कहा कि सभी सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के अंतर्गत आच्छादित परिवारों को प्राथमिकता के साथ स्वास्थ्य उपचार मिले इसके लिए यह सुनिश्चित कराया जाए कि प्रत्येक सूचीबद्ध अस्पताल में दैनिक रूप से योजना के अंतर्गत उपचार कराने वाले लाभार्थियों की मॉनिटरिंग हो और हर सूचीबद्ध अस्पताल में योजना के क्रियान्वयन के लिए एक जिम्मेदार डॉक्टर नामित होना चाहिए।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से संबंधित स्टाफ के शिथिल कार्यों पर नाराजगी जताई और निर्देशित किया कि 01 माह के भीतर कार्यशैली में सुधार करें, अन्यथा सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुश्री अविनाश जोशी और सीएमओ डॉ कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *