• Thu. Aug 20th, 2026

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन….

ByAajkijankirti

Aug 19, 2026

मुरादाबाद “आयुष आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों को आमजन तक पहुंचाने तथा लोगों को इन पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा किया गया। शिविर में 306 लोगों को ओपीडी के अंतर्गत स्वास्थ्य उपचार एवं जरूरी परामर्श प्रदान किया गया।शिविर के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता एवं उपचार विधियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुरूप संबंधित चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खान-पान में संतुलन रखने तथा नियमित रूप से आवश्यक योग क्रियाओं का अभ्यास करने की सलाह दी गई।शिविर में आमजन को बताया गया कि आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियां स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। लोगों को अपनी स्वास्थ्य जरूरतों के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह लेने तथा नियमित योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाने के लिए जागरूक किया गया।क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी अमरदीप नायक ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले प्रत्येक संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसीलों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे साथ ही माह में एक बार कलेक्ट्रेट में भी यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी के स्तर से निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में तहसील ठाकुरद्वारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी इस शिविर का आयोजन किया गया था।इस अवसर पर होम्योपैथी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन नायक, वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेनू वाला, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नदीम अहमद मलिक एवं डॉ. मुनेश कुमार गोले, डॉ. अंजली राय, होम्योपैथिक फार्मासिस्ट श्रेया एवं योग प्रशिक्षक देवेन्द्र कुमार एवं योग सहायक सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *