मुरादाबाद। पंचायत भवन में आयोजित व्यवहार कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को प्रभावी व्यवहार, संवाद कौशल एवं जनसामान्य के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में लखनऊ से पधारे पुलिस उपमहानिरीक्षक (ट्रेनिंग) आईपीएस देव राजन वर्मा ने रेंज के समस्त निरीक्षकों एवं मुख्य आरक्षियों को व्यवहार कौशल के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में प्रोफेशनल व्यवहार को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को जनसामान्य के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक परिस्थिति में संयमित, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया।




