• Sun. Jun 14th, 2026

मोदी सरकार के 12 वर्ष: यूपी मुरादाबाद में डिप्टी सीएम ने किया जनकल्याण शिविर का उद्घाटन..

ByShaziya Ansari (Editor)

Jun 14, 2026

मुरादाबाद केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मुरादाबाद में जनकल्याण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जोड़ने और एक करोड़ को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विकासखंड मुरादाबाद पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले परिसर में अशोक का वृक्ष लगाया। इसके बाद उन्होंने विकास खण्ड परिसर में बनाए गए जीर्णोद्धारित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार का लोकार्पण किया प्रेरणा कैंटीन और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण किया और इसे संचालित करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बात कर उनका उत्साहवर्धन किया।इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, बेसिक शिक्षा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बाल विकास, उद्यान विभाग और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया और उनकी विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की जमकर सराहना की और उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उठाए गए कदमों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।*जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ और सम्मान*शिविर में जन सरोकार और सेवा भाव की अनूठी झलक देखने को मिली। उप मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। मातृ शक्ति को संबल प्रदान करते हुए गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार की किट वितरित की गई।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई पात्र लाभार्थियों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गईं। इसके अतिरिक्त, जनकल्याण शिविर में स्वयं सहायता समूह की ‘लखपति दीदी’ योजना, आवास योजना, और पेंशन योजना आदि के लाभार्थियों को सम्मान पत्र भी प्रदान किए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना से करोड़ों खाते खुलने के कारण आज सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।*विकास के नए आयाम और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर*जनसभा को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 साल में देश ने सड़क, रेल, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने उज्ज्वला योजना से मिल रहे स्वच्छ ईंधन, हर घर जल योजना से पेयजल, और आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा का प्रमुखता से जिक्र किया। किसानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत किया है और पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है।*वैश्विक पटल पर सशक्त हुआ भारत*राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शुमार होने के साथ ही एक बेहद मजबूत और सुरक्षित राष्ट्र बन चुका है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे साहसिक अभियानों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इन कदमों ने पूरी दुनिया में भारत की अदम्य सुरक्षा क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का डंका बजाया है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में किए गए कार्यों से देश विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।इस महत्वपूर्ण आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख नेता, जन प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’, राम गोपाल उर्फ गोपाल ‘अंजान’, विधायक रितेश कुमार गुप्ता, ठाकुर रामवीर सिंह,भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश पाल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *