• Wed. Jul 8th, 2026

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ….

ByAajkijankirti

Jul 8, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में वाराणसी में आयोजित “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम“ का सजीव प्रसारण जनपद मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा योजना के अंतर्गत लाभार्थी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा डीबीटी योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से अब शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश सरकार की संवेदनशील एवं शिक्षक हितैषी सोच का प्रमाण है। साथ ही डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित किए जाने से पारदर्शिता एवं सुशासन को नई मजबूती मिली है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। विद्यालयों का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हुआ है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित हुआ है तथा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित यह योजना प्रदेश के लगभग 12 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्र निर्माण में पूर्ण समर्पण के साथ योगदान देने का आह्वान किया जनपद मुरादाबाद में योजना के अंतर्गत कुल 5,710 शिक्षक, 1,645 शिक्षामित्र, 207 अनुदेशक तथा 3,474 रसोइयों को लाभान्वित किए जाने हेतु चयनित किया गया है। अब तक 3,215 आवेदन पत्र शासन को अग्रसारित किए जा चुके हैं। वहीं डीबीटी योजना के अंतर्गत 1,42,903 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 1,28,909 विद्यार्थियों को लाभ प्रदान किया जा चुका है तथा शेष पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। कार्यक्रम के दौरान जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के दस-दस शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए तथा दर्जनभर छात्र-छात्राओं को डीबीटी योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। जनपद की सदर, कांठ, बिलारी एवं ठाकुरद्वारा तहसीलों में भी योजना के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह चौहान , कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडुला, संयुक्त निदेशक शिवलाल संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार, एडी बेसिक दिनेश यादव, डीआईओएस रितु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, एडीआईओएस शतानंद शर्मा, वित्त एवं लेखाधिकारी राकेश चंद्र मौर्य, बीईओ त्रिलोकी नाथ गंगवार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *