मुरादाबाद पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स मुरादाबाद में वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन्स सहित अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया पुलिस अधिकारियों ने यह भी संकल्प लिया कि केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।




