• Thu. Aug 20th, 2026

किसान दिवस में कृषकों की समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश…

ByAajkijankirti

Aug 19, 2026

मुरादाबाद मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषकों ने कृषि एवं कृषकों से संबंधित समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में पूर्व में आयोजित किसान दिवसों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही, जिन शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, उसकी सूचना संबंधित कृषकों को भी उपलब्ध कराई जाए।
किसान दिवस के दौरान कृषकों ने सर्किल रेट में वृद्धि एवं आवश्यकतानुसार संशोधन से संबंधित विषय भी उठाया। किसानों ने इस संबंध में अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखीं। इसके अलावा जल निगम द्वारा विभिन्न ग्रामों में पाइपलाइन आदि कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की समुचित मरम्मत न होने की समस्या भी उठाई गई। कृषकों ने बताया कि सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत न होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
बैठक में बंदरों एवं तेंदुओं से संबंधित समस्याओं को भी कृषकों ने उठाया। किसानों ने वन्यजीवों के कारण फसलों एवं जनजीवन पर पड़ रहे प्रभाव से अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कृषकों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि कृषकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
किसान दिवस में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम, उप निदेशक कृषि, जिला गन्ना अधिकारी, एलडीएम, एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *