• Wed. Feb 4th, 2026

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में हुआ भव्य आयोजन

ByShaziya Ansari (Editor)

Jan 25, 2026

मुरादाबाद शहर स्थित पंचायत भवन में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुज सिंह ने युवाओं से लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी बनते हुए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है, जिसे सभी को निभाना चाहिए।
इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुज अग्रवाल को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ. अनुज अग्रवाल ने बीते वर्षों में 550 से अधिक ईएलसी, वीएलसी, युवा मतदाता जागरूकता सम्मेलन आयोजित कराए, साथ ही दिव्यांग मतदाताओं, ट्रांसजेंडर समुदाय सहित वंचित वर्गों को मतदाता सूची में जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य किया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मतदाता जागरूकता थीम के साथ पेंटिंग एवं स्लोगन लेखन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति से हुआ, जिसमें मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रधानाचार्यों को लोकतांत्रिक जागरूकता में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. अनुज अग्रवाल, सुदेश भटनागर, डॉ. मधुबाला त्यागी, विशाल उपाध्याय, सुंदर सिंह, विशाल कुमार, प्रेम शंकर, मंसूर सिद्दीकी, बबीता महरोत्रा, रघुपति देव, शुभम शर्मा, शाने आजम सहित मुरादाबाद नगर, देहात और कुंदरकी क्षेत्र के 45 से अधिक बीएलओ एवं सुपरवाइजर शामिल रहे।
केसीएम और आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा “जागो मतदाता” कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का लाइव संदेश भी प्रसारित किया गया।
अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, एसडीएम प्रिंस वर्मा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सतानंद शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *