• Wed. Mar 11th, 2026

शिक्षण संस्थान के स्तर पर छात्रवृत्ति के लम्बित आवेदन पत्रों पर कार्यवाही के संबंध में बैठक आयोजित….

ByShaziya Ansari (Editor)

Mar 11, 2026

मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षण संस्थान के स्तर पर छात्रवृत्ति के लम्बित आवेदन पत्रों पर कार्यवाही के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी ने बैठक में आए शिक्षण संस्थानों के प्रबन्धकों/प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि बच्चों के छात्रवृत्ति के आवेदन जनपद के विभिन्न कालिजों में पेन्डिंग होने के कारण जनपद की रैकिंग खराब हो रही है। उन्होंने विभिन्न कालेजों में छात्रवृत्ति के आवेदन पेन्डिंग होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल छात्रवृत्ति के आवेदनों को अग्रसारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं का समय रहते आवेदन पत्र अग्रसारित नहीं किया गया है उन बच्चों से वार्ता की जाये। छात्रवृत्ति के आवेदनों को अग्रसारित हेतु कालिजों को बार-बार रिमाइन्डर भेजने के बाद भी अग्रसारित न करने/आवेदन अपने स्तर पर ही पेन्डिंग रखने पर जिलाधिकारी ने डिग्री कालिजो की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि कालिजों का छात्रों के प्रति ऐसा रवैया नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कालिजों द्वारा बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न किया जाये। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन छात्र/छात्राओं के आवेदन अग्रसारित नहीं किए गये हैं, उनसे पहले वार्ता करने के साथ ही बयान भी दर्ज किया जाये। जिन कालिजों में बहुत ज्यादा संख्या में छात्रवृत्ति के आवेदन छूटे हैं उनकी मान्यता रद्द करने के लिए पत्र भेजा जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन कालिजो में पेडेंसी हैं सभी तत्काल खत्म करें और शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के जो छात्र छूटे हैं उनसे वार्ता की जाये और अनुसूचित जाति के छात्रों का आवेदन समय रहते अग्रसारित कर दिया जाये। जिलाधिकारी ने सुखदेई स्मारक महाविद्यालय ठाकुरद्वारा, महावीर कालिज वीजना, आईएफटीएम, केजीके कालिज, टीएमयू, अभय शिक्षा निकेतन कन्या कालेज, हैबिट मुस्लिम कालेज, जेएम पब्लिक कालेज, बंशीसिंह मेमोरियल कालेज, मुरादादाबाद मुस्लिम डिग्री कालेज, हरि मंगल विद्यालय आदि को निर्देशित किया कि जो भी छात्रवृत्ति आवेदन की पेंडेंसी है उन आवेदनों को आज ही अग्रसारित किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं कालिजो के प्रबन्धक/प्रतिनिधि उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *