• Wed. Apr 8th, 2026

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ने विशेष टीकाकरण अभियान का किया शुभारम्भ…..

ByShaziya Ansari (Editor)

Mar 18, 2026

मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह द्वारा महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु आगामी 03 माह तक कैम्पेन मोड में चलाये जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान का जिल महिला चिकित्सालय में शुभारम्भ किया। जिलाधिकारी द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में भावना, परधी एवं खुशी को यूविन पोर्टल से जारी टीकाकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही इस दौरान 50 किशोरियों का सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में 38700 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये एचपीवी (हयूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का टीका लगाया जायेगा, जिसमें ऐसी किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया, परन्तु 15 वर्ष की आयु पूर्ण नही की है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर एक गम्भीर बीमारी है, लेकिन समय पर एचपीवी वैक्सीन के जरिए इससे बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत किशोरियों को गार्डासिल-4 (क्वाड्रिवैलेंट 6,11,16,18) एच.पी.वी. वैक्सीन की एक खुराक दी जायेगी। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों (जन मानस) से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में जरूर शामिल करवाएं जिससे कि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गम्भीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सहयोगी संस्था यूनिसेफ, जे०एस०आई०, डब्लू०एच०ओ० एवं सार्ड के प्रतिनिधियों व स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *