• Wed. Apr 15th, 2026

कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन..

ByShaziya Ansari (Editor)

Apr 15, 2026

मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों की विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं के संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई तथा जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए।ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप पेयजल योजना के क्रियान्वयन के दौरान सड़कों को तोड़ने तथा रेस्टोरेशन कार्य न किए जाने के संबंध में किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़के जर्जर स्थिति में है और आमजन को आवागमन के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों का पालन करते हुए आगामी 02 सप्ताह में कार्य पूर्ण कराया जाए।बैठक के दौरान किसानों ने कहा कि प्रीपेड विद्युत मीटरों की वजह से भी आमजन को दिक्कतें हो रही हैं जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन गंभीरता पूर्वक किया जाए। आमजन को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए साथ ही विद्युत आपूर्ति निर्धारित रोस्टर के अनुरूप होनी चाहिए। कई दिनों तक खराब ट्रांसफार्मर न बदले जाने की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी बताई और कहा कि विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने के प्रति विभागीय अधिकारी गंभीरता दिखाएं।पशुओं में नियमित टीकाकरण के संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुरूप मुँहपका और खुरपका जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है।जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिए कि गेहूं क्रय केंद्रों का पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संचालन होना चाहिए, इस संबंध में उन्होंने बैठक में मौजूद किसानों से फीडबैक भी प्राप्त किया।डीएफओ ने जिले में तेंदुए के रेस्क्यू किए जाने के संबंध में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर सीएमओ डॉ कुलदीप सिंह, उप निदेशक कृषि संतोष द्विवेदी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *