मुरादाबाद। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के एमएचएससी परिसर में “नारी शक्ति वंदन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की फैकल्टी प्रोफेसर अनामिका त्रिपाठी, डॉ. वैशाली पूनिया, डॉ. अदीबा खान, डॉ. सत्येंद्र त्रिपाठी एवं एमएचएससी प्रमुख डॉ. रविंद्र कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने नारी सम्मान, अधिकारों एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण समाज की प्रगति का आधार है।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा परिसर के आसपास जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें नारी सम्मान एवं अधिकारों से संबंधित नारों का उद्घोष किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया।
इसी क्रम में छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर अभियान में भाग लेते हुए अपने विचार व्यक्त किए तथा अपने हस्ताक्षरों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
साथ ही सभी महिला विद्यार्थियों एवं शिक्षिकाओं ने हस्त-श्रृंखला बनाकर नारी एकता, आपसी सहयोग एवं सामूहिक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों द्वारा सुंदर एवं सृजनात्मक रंगोली बनाकर नारी शक्ति की एकता, प्रेम एवं सशक्तता का संदेश भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम मुरादाबाद के कर्मचारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस पहल का समर्थन किया।
कार्यक्रम में एम.एससी. बॉटनी, एम.एससी. पर्यावरण विज्ञान एवं एम.एससी. केमिस्ट्री के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए नारी सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए शिक्षाप्रद रहा, बल्कि समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम कुलपति सचिन माहेश्वरी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद तथा रजिस्ट्रार गिरीश कुमार द्विवेदी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

