जनपद मुरादाबाद स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउण्ड में नवप्रशिक्षित आरक्षियों का प्रशिक्षण उपरान्त दीक्षान्त परेड/समारोह (Passing Out Parade) पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस समारोह के साथ ही प्रशिक्षित रिक्रूट आरक्षी अब औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस बल का अभिन्न अंग बन गए हैं।मुख्य अतिथि राजीव सभरवाल, पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण),लखनऊ रहे। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा मार्च-पास्ट की भव्य सलामी ली गई। अपने संबोधन में उन्होंने नव आरक्षियों को बधाई देते हुए कहा कि आज से उनके जीवन के एक नए और जिम्मेदारी भरे अध्याय की शुरुआत हो रही है। इसके साथ में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ एवं पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 पुलिस द्वारा लाइव प्रसारण के दौरान नवप्रशिक्षित आरक्षियों संबोधित करते हुये शुभकामनाए दी गयी मार्च-पास्ट परेड के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने अपने उच्च कोटि प्रशिक्षण का परिचय देते हुए उत्कृष्ट अनुशासन, शानदार समन्वय और सधी हुई ड्रिल का प्रदर्शन किया। दीक्षान्त परेड का नेतृत्व परेड प्रथम कमाण्डर राहुल शर्मा द्वारा अपने सहयोगी द्वितीय कमाण्डर शुभम मान व तृतीय कमाण्डर तनेश कुमार के साथ किया गया ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद द्वारा शपथ एवं सम्मान परेड के उपरान्त सभी नव आरक्षियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, कानून के पालन, जनसेवा और राष्ट्र की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रशिक्षण के दौरान इनडोर (लिखित परीक्षा) में रिक्रूट आरक्षी अनुज और आउटडोर (फील्ड/ड्रिल) में रिक्रूट आरक्षी दिगविजय चौधरी सभी गतिविधियों में सर्वांग सर्वोत्तम रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जनपद के जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, तथा प्रशिक्षण संस्थान के आउटडोर/इनडोर के प्रशिक्षक, नव आरक्षियों के गौरवान्वित परिजन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।







