मुरादाबाद में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कोटपा (COTPA) अधिनियम-2003 की धारा-4 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने एवं तंबाकू संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 18 व्यक्तियों का चालान कर नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।इसके अतिरिक्त तंबाकू सेवन से संबंधित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान एक व्यक्ति को तंबाकू सेवन से उत्पन्न स्वास्थ्य जटिलताओं के उपचार हेतु जिला अस्पताल के कक्ष संख्या-4 स्थित काउंसलिंग एवं ओपीडी केंद्र भेजा गया, जहां उसे तंबाकू मुक्ति संबंधी परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।




