• Sat. Jul 18th, 2026

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश….

ByAajkijankirti

Jul 18, 2026

मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में तहसील बिलारी के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 98 शिकायतें एवं प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर संतोषजनक एवं स्थायी होना चाहिए।राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने तथा नए राशन कार्ड जारी करने से संबंधित प्राप्त मामलों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों का पुनः सत्यापन कराया जाए। यदि जांच में कोई अपात्र परिवार योजना का लाभ प्राप्त करता हुआ पाया जाता है तो उसका राशन कार्ड तत्काल निरस्त किया जाए तथा पात्र परिवारों को नियमानुसार योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।इस अवसर पर एसडीएम बिलारी प्रिंस वर्मा के साथ-साथ विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *