मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कांवड़ मार्ग (कांठ मार्ग) का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के संबंध में सीधे उनसे जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से उनकी यात्रा, मार्ग में उपलब्ध सुविधाओं तथा किसी प्रकार की समस्या के बारे में बातचीत की।कांवड़ यात्रियों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों को मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं प्रकाश व्यवस्था निरंतर बेहतर बनाए रखी जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं निर्विघ्न संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


