मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, स्वच्छता तथा आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव की स्थिति की समीक्षा के दौरान ताजपुर एवं कांठ के क्षेत्र में फॉगिंग तथा एंटी लार्वा छिड़काव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को आयुष चिकित्सा के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा कैंप आयोजित कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन आयुर्वेद की विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ संजीव बेलवाल, एमओआईसी आदि उपस्थित रहे।





