• Wed. Aug 12th, 2026

कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त ने उदीषा वीडियो मैगजीन का किया लोकार्पण….

ByAajkijankirti

Aug 11, 2026

मुरादाबाद कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उदीषा साहित्योत्सव से संबंधित वीडियो मैगजीन का लोकार्पण किया गया। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने डिजिटल माध्यम से वीडियो मैगजीन का लोकार्पण किया। जानकारी देते हुए मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि इसी वर्ष मुरादाबाद के गांधी मैदान में विगत 22 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित हुए उदीषा साहित्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया था। मंडल स्तरीय इस साहित्योत्सव का वसंत पूजन के उपलक्ष्य में मां सरस्वती की आराधना से किया गया था। पांच दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन साहित्य, कला, संस्कृति पर आधारित विभिन्न सत्र एवं विशाल पुस्तक मेला के साथ ही मंडल स्तर के विविध व्यंजन को भी शामिल किया गया था। साहित्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करके अपने साहित्य, कला और संस्कृति के प्रति अगाध लगाव को प्रदर्शित किया था। साहित्योत्सव में आयोजित विभिन्न सत्रों में देश स्तर के नामचीन लेखक, साहित्यकार ने विभिन्न सत्रों में विस्तार से विमर्श किया था। इन्हीं सत्रों पर विस्तार से केंद्रित विमर्श को वीडियो मैगजीन के रूप में तैयार करके लोकार्पित किया गया है। उदीषा मैगजीन के माध्यम से अब जिला प्रशासन से संबंधित सभी आधिकारिक तकनीकी पटल पर उदीषा में आयोजित इन सत्रों को देखा जा सकेगा। इसके अलावा नगर-निगम के यू ट्यूब चैनल पर भी देख सकेंगे। मंडलायुक्त ने बताया कि वीडियो मैगजीन के माध्यम से उदीषा की पांच दिवसीय वृहद यात्रा को स्मृति रूप में दर्ज करने के उद्देश्य से ही उदीषा की वीडियो मैगजीन की संकल्पना को साकार किया गया है। इस मौके पर उप-आयुक्त, गजेंद्र सिंह, अपर-आयुक्त प्रथम, शशि भूषण, संयुक्त विकास आयुक्त, नवीन कुमार तिवारी के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी समेत अभिषेक तैलंग, फैसल खान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन, डॉ माधव शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *