मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की रैंकिंग किसी भी दशा में खराब नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की निरंतर मॉनीटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी की समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशानुसार लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। फैमिली आईडी में बी कैटेगरी वाले मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनीटरिंग कर कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराकर संबंधित विभाग को हैण्डओवर करने के निर्देश दिए। लो.नि.वि. भवन खंड द्वारा जनपद में कराए जा रहे गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 90 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाकर इसे समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।इसी प्रकार निर्माण खंड प्रथम द्वारा जनपद में कराए जा रहे 20 निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह निर्माण कार्यों में हुई भौतिक प्रगति को प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति की प्रभावी समीक्षा की जा सके।जिलाधिकारी ने सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, नलकूप एवं मंडी परिषद सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराकर संबंधित विभागों को हैण्डओवर किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, परियोजना निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, नगर निगम, सीएनडीएस, यूपी सिडको, राजकीय निर्माण निगम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड, नलकूप आदि विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


