मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए सभी एमओआईसी को सक्रियता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। आभा आईडी की समीक्षा में मुरादाबाद अर्बन में 57 प्रतिशत और कुन्दरकी में 68 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी बैठक तक 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना में बिलारी, डिलारी, कुन्दरकी एवं ठाकुरद्वारा की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक सात दिन में आयुष्मान योजना की समीक्षा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता, बेहतर साफ-सफाई तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों में बेड की चादरें साफ-सुथरी हों और उन पर किसी प्रकार के दाग-धब्बे न हों।
संस्थागत प्रसव की समीक्षा में कुन्दरकी, डिलारी एवं बिलारी की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना के तहत 77 से 78 प्रतिशत भुगतान की स्थिति पर जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में कांठ, बिलारी एवं डिलारी की कम प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने तथा प्रभावी ढंग से कार्यक्रमों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही योजनाओं के अंतर्गत किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सफलता की कहानियां भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नियमित टीकाकरण में जुलाई माह तक 84 प्रतिशत प्रगति पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टीकाकरण कवरेज में किसी भी स्थिति में गिरावट नहीं आनी चाहिए। 12 से 23 माह आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण कवरेज में भोजपुर एवं ठाकुरद्वारा तथा 09 से 11 माह आयु वर्ग में कुन्दरकी, कांठ, मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा एवं ताजपुर की कम प्रगति पर संबंधित एमओआईसी को विशेष ध्यान देकर सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल, सीएमएस, एमओआईसी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




