मुरादाबाद विकास खंड कुंदरकी के ग्राम मोहम्मदपुर बस्तौर में संचालित प्राथमिक विद्यालय परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार की मिसाल प्रस्तुत कर रहा है प्रधानाध्यापक नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि विद्यालय का समस्त स्टाफ बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। शैक्षिक सत्र 2026-27 में विद्यालय में 178 विद्यार्थियों का नामांकन है।विद्यालय का आकर्षक भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश बच्चों को सहज रूप से सीखने के लिए प्रेरित करता है। टीएलएम से सजे कक्षा-कक्ष और ‘बोलती दीवारें’ विद्यालय की खास पहचान है। यहां बाल-केंद्रित एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, सतत आकलन, समूह आधारित शिक्षण तथा शैक्षिक तकनीकों का प्रभावी प्रयोग किया जाता है। **नामांकन बढ़ाने को घर-घर पहुंच रहे शिक्षक**विद्यालय में नामांकन एवं बच्चों के ठहराव को बढ़ावा देने के लिए नामांकन मेले, नामांकन रैली, घर-घर जनसंपर्क और नियमित शिक्षक-अभिभावक बैठकों का आयोजन किया जाता है। बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी अभिभावकों से साझा करने के लिए उनकी हॉलिस्टिक डेवलपमेंट रिपोर्ट भी साझा की जाती है।प्रधानाध्यापक स्वयं कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य की समीक्षा करते हैं और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ शैक्षिक संवाद करते हैं। समय-सारिणी के अनुसार अध्यापन, नियमित शिक्षक बैठक, वार्षिक उत्सव तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की व्यवस्था भी विद्यालय में है। **पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य और खेल पर भी जोर** विद्यालय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। मध्याह्न भोजन में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के प्रयोग के साथ बच्चों को निर्धारित अंतराल पर आयरन एवं एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाती हैं। विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान और परिसर की नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। **अभिभावकों और बच्चों की भी भागीदारी** विद्यालय में मासिक एसएमसी बैठक, बाल संसद, माता समूह और इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। कक्षा-5 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह तथा अभिभावक सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाते हैं।विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक प्रत्येक 15 दिन में बैठक कर शैक्षिक गतिविधियों एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक पहुंचाई जाती है।प्रधानाध्यापक नरेश कुमार वर्मा बताते हैं कि विद्यालय का समस्त स्टाफ बच्चों को बेहतर से बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए टीम भावना से कार्य कर रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता के समन्वय से प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बस्तौर जनपद के आदर्श विद्यालयों में अपनी पहचान बना रहा है।



