मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अनुसार विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की साथ ही खराब प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को फटकार भी लगाई। फार्मर रजिस्ट्री की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के स्तर से स्पष्ट निर्देश हैं कि फार्मर रजिस्ट्री में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए इसलिए इस कार्य में हीलाहवाली बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिवस के भीतर लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री हो जानी चाहिए इस संबंध में उन्होंने दैनिक प्रगति रिपोर्ट भेजने के लिए भी निर्देशित किया।दिव्यांग पेंशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी से जनपद में स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालय में दिव्यांग फ्रेंडली संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में तैयार ऑडिट रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी ली।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि दिव्यांग जनों की सुविधा के दृष्टिकोण से अधिकारियों को निर्धारित मानकों के बारे में अवगत कराएं ताकि जरूरी प्रबंध सुनिश्चित कराया जा सकें।फैमिली आईडी की धीमी प्रगति को लेकर भी उन्होंने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से पूर्व में निर्धारित लक्ष्य के उपरांत पुनः संशोधित लक्ष्य जारी कर दिया गया है जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कराएं और इस संबंध में तेजी लाने की दिशा में कार्य करें।विद्युत विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने जनपद में खराब ट्रांसफार्मरों को बदले जाने की विभागीय नियमावली और वर्तमान में खराब ट्रांसफार्मर के संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी अधिशासी अभियंता से जानकारी ली।जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मरों को चोरी किए जाने की घटनाओं के संबंध में दर्द कराई गई एफआईआर के सापेक्ष कार्यवाही के बारे में भी पूछा और कहा कि विगत 01 वर्ष में ट्रांसफार्मर चोरी और दर्ज कराई गई एफआईआर के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, उद्यान, पीएम कुसुम, फसल बीमा योजना और पेंशन सहित अन्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत समीक्षा की और कहा कि अधिकारी विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति को लेकर गंभीरता दिखाएं इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, जिला विकास अधिकारी जी.वी. पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।




