मुरादाबाद मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मण्डल स्तरीय श्रम बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक श्रमिकों तक पहुँचाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास के लिये प्रतिबद्ध है, इसके लिए आवश्यक है कि श्रमिक हितों का ध्यान रखा जाये तथा उद्योगों के विकास के लिये उपयुक्त माहौल तैयार किया जाये। सम्बन्धित विभाग उद्योगों के विकास के लिए सहयोगी के रूप में काम करें। ईपीएफ, ईएसआई, श्रम विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ श्रमिकों को मिले तथा श्रमिकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो इसके लिये विभाग पर्याप्त प्रचार-प्रसार करें। मंडलायुक्त ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि लेबर अड्डों पर काम के लिए आने वाले श्रमिकों को सुविधाएं प्रदान किये जाने के लिए मुरादाबाद में लेबर अड्डों का विकास करें। जहां बैठने की सुविधा हो तथा छाया व स्वच्छ पीने का पानी भी उपलब्ध हो। उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंडलायुक्त के समक्ष उद्योगों की ईपीएफ व ईएसआई से सम्बन्धित समस्याएं रखी, जिसे तत्काल निराकरण कराने के निर्देश सम्बन्धित विभागों को दिए। श्रमिकों का पक्ष रखते हुए ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि ने श्रमिकों को ईएसआई द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ मिलने में आने वाली समस्याओं जैसे- श्रमिकों का ईलाज की समस्या अधिक बारे में बताया। इन समस्याओं को दूर करने के लिए आयुक्त ने ईएसआई विभाग को निर्देशित किया। उप श्रम आयुक्त ने शासन द्वारा जारी नवीन वेतन दरों के विषय में सभी को अवगत कराया तथा इसे दिनांक 01 अप्रैल 2026 से लागू किये जाने के संबंध में अवगत कराया, जिससे श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी नवीन दरों के अनुसार मिल सके। आयुक्त ने सभी उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों व सेवायोजकों को निर्देश दिये कि शासन द्वारा जारी नवीन वेतन दरों के अनुसार सभी कारखाना स्वामी व सेवायोजक श्रमिकों को वेतन भुगतान करना सुनिश्चित करें। बैठक में आयुक्त ने श्रम विभाग द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय के वर्ष 2026 में कक्षा-10 में शीर्ष स्थान प्राप्त 05 विद्यार्थियों- उदय प्रताप 95 प्रतिशत, पार्थ कुमार 92.2 प्रतिशत, कु० लक्षिता 90.4 प्रतिशत, अंकित 89 प्रतिशत एवं सिद्वान्त 88.2 प्रतिशत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में अपर आयुक्त अरूण कुमार सिंह, उप आयुक्त विकास गजेन्द्र सिंह, अपर नगर आयुक्त मुरादाबाद, उप निदेशक कारखाना, मुरादाबाद, सहायक निदेशक कारखाना मुरादाबाद, कर्मचारी राज्य बीमा निगम से ब्रांच मैनेजर, कर्मचारी भविष्य निधि से प्रवर्तन अधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों के मण्डल के सभी जनपदों के समिति के सदस्य, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि तथा ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


