मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में पंचायत भवन सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक स्तर से सोशल मीडिया पर आमजन की गतिविधियों की गंभीरतापूर्वक मॉनिटरिंग की जा रही है इसलिए कोई ऐसा कृत्य न होने पाए जिससे सख्त कानूनी कार्यवाही करनी पड़े।
मुख्यमंत्री द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में कानून व्यवस्था का पालन करते हुए त्योहारों के आयोजन को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कोई भी नई परम्परा शुरू करने का प्रयास न करें और परंपरागत व्यवस्था का पालन करें। शांति और समन्वय की भावना के साथ बकरीद मनाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि खुले में कुर्बानी न हो और न ही खुले में अवशेष फेंके जाए साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की भी कुर्बानी नहीं होनी चाहिए।
कुरबानी के दौरान किसी भी प्रकार के वीडियो और फोटो किसी भी दशा में सोशल मीडिया पर साझा न किए जाएं। ऐसे कृत्य से अन्य लोगों की भावनाएं प्रभावित होती हैं।
उन्होंने कहा कि हीट वेव से बचाव बहुत जरूरी है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी सचेत ऐप की उपयोगिता बताई और कहा कि जागरूकता बचाव की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि बकरीद के दौरान प्रशासनिक स्तर से बेहतरीन व्यवस्थाएं दुरुस्त होंगी। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई हैं।
आमजन प्रशासनिक निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करें।
अफवाहों पर विश्वास न करें और यदि कोई दुविधा हो तो स्थानीय पुलिस थाने या प्रशासनिक अधिकारियों से पुष्टि कर लें।
कुरबानी के बाद अवशेष के निस्तारण के दौरान भी गंभीरता बरतें ताकि सभी की भावनाओं का सम्मान हो सके।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के बताया कि बकरीद के अवसर पर 03 दिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग द्वारा जरूरी तैयारियां कर ली गई है।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा ईदगाहों पर साफ सफाई और पेयजल की व्यवस्था के लिए कार्मिक तैनात कर दिए गए हैं। कुरबानी के दौरान सफाई व्यवस्था के लिए भी कार्मिक तैनात कर दिए गए हैं।
का अवसर पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य गण मौजूद रहे।





