• Wed. Feb 4th, 2026

जिले में आधार सेवाओं को बेहतर तरीके से प्रभावी बनाने के लिए सीडीओ ने अधिकारियों के साथ की बैठक…..

ByShaziya Ansari (Editor)

Jan 30, 2026

मुरादाबाद मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएमओ, डीपीओ और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सभी आवंटित आधार मशीनों को एक्टिवेट करें और लंबित प्रकरणों को निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
जनपद में वर्तमान में आधार अपडेशन एवं पंजीकरण हेतु 08 रजिस्ट्रार विभाग नामित हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने इन विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिम्मेदारी पूर्वक सभी आधार मशीनों को सक्रिय कराएं ताकि स्थानीय लोगों को आधार पंजीकरण एवं अपडेशन की सुविधा मिल सके।
जनपद में सभी आयु वर्ग के लिए नए आधार रजिस्ट्रेशन पूर्णत: निशुल्क हैं साथ ही बायोमैट्रिक (फिंगरप्रिंट एवं फोटोग्राफ्स) अपडेट का शुल्क 125 निश्चित है और नाम, पता, जन्म तिथि, मोबाइल आदि अपडेट करने के लिए सरकार द्वारा 75 रुपए शुल्क के रूप में निर्धारित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास 12 आधार किटें हैं जो बीआरसी पर उपलब्ध कराई गई हैं। बैठक के दौरान बेसिक शिक्षा के अधिकारियों ने बताया कि हार्डवेयर की खराबी के कारण सभी किटें निष्क्रिय हैं, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि तत्काल निदेशालय स्तर से इसका समाधान कराया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्थापित आधार मशीनों के संचालन को लेकर भी मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से जानकारी प्राप्त की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आधार अपडेशन से जुड़ी सेवाओं को प्रदान करने के दौरान निर्धारित शुल्क ही लिया जाए इसकी भी नियमित तौर पर मॉनिटरिंग होनी चाहिए।
माह दिसंबर 2025 में 5584 नए आधार रजिस्ट्रेशन एवं 41520 आधार अपडेशन किए गए हैं।
बैठक के दौरान, सीएमओ डॉ कुलदीप सिंह, जिला विकास अधिकारी गोविंद वल्लभ पाठक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *