मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उ.प्र./प्रभारी मंत्री जनपद मुरादाबाद अनिल कुमार की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यो, निर्माण कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। समीक्षा बैठक में उद्यान अधिकारी तथा दुग्ध विकास के प्रबन्धक के अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मंत्री जी ने अधिकारियों को आगामी बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में 10:00 बजे से 12:00 बजे तक कार्यालय में बैठकर प्रभावी रुप से जनसुनवाई करें यह शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारीगण सीयूजी नम्बर पर आने वाली फोन कॉल जरूर रिसीव करें और यदि व्यस्त हैं तो बाद में रिटर्न काॅल अवश्य करें। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि नये विकास कार्यो के प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों से प्राप्त कर शासन को उपलब्ध करा दें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि संगठित अपराध में कड़ी कार्यवाही की जाये तथा साइबर क्राइम की घटनाओं में वृद्धि हुई है, इस पर निगरानी एवं सतर्कता रखी जायें। प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जानकारी प्राप्त की, उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत जनपद में 342516 किसान लाभान्वित हुए है तथा फसल बीमा योजना के अन्तर्गत 1419 को योजना से लाभान्वित किया गया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जनपद मुरादाबाद में नये गन्ना मूल्य भुगतान के अन्तर्गत 94.41 प्रतिशत का भुगतान हो चुका है। ए.आर. को-आपरेटिव ने ऋण वसूली की प्रगति को ठीक बताया। उन्होंने पशुधन विभाग की निराश्रित गोवंश संरक्षण तथा मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना का क्रियान्वयन ठीक प्रकार से करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से जनपद के स्कूलों, विद्युत कनेक्शन एवं शौचालयों की जानकारी प्राप्त की और माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाया जाए।जिला विकास अधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत 69.06 प्रतिशत प्रगति हुई है। उपायुक्त मनरेगा ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में 117 प्रतिशत तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत 75.41 प्रतिशत प्रगति हुई है।प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, नगर विकास विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सरकारी की मंशा है कि पात्र लोगों को योजना का लाभ अवश्य मिलें इसको सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर दवाओं की उपलब्धता बनी रहें इसको सुनिश्चित किया जाये। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि शहर में 100 शैय्या का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्साधिकारी से जाना कि उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए क्या कदम उठाये गये हैं, इस पर सीएमओ ने बताया कि शरीफनगर, रतनपुर कलां आदि में पीएचसी संचालित हैं, जिन पर सभी विशेष प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध है। जनपद के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत बैंक स्तर पर आवेदन पेंन्डिंग होने पर मंत्री जी ने बैंकर्स को भी योजनाओं में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी मंत्री ने जनपद मुरादाबाद में किए जा रहे निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ कार्यदायी संस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग(भवन खंड), लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड द्वारा जनपद में किए जा रहे कार्यो को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा पंडित नगला बाईपास मुरादाबाद-चंदोसी मार्ग पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या-1ए पर रेल ऊपरी गामी सेतु निर्माण की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उ.प्र. जल निगम नगरीय द्वारा किए जा रहे कार्यो की प्रगति कम होने पर मंत्री ने उनको भी कार्य प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि पानी सड़कों पर न बहें इसका विशेष ध्यान रखा जाये। इसी प्रकार उन्होंने सिंचाई जल संसाधन यूपीसीएलडीएफ, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, राजकीय निर्माण निगम लि., सीएनडीएस, नगर निगम, उ.प्र. वक्फ विकास निगम लि. तथा उ.प्र. प्रोजेक्ट कारपोरेशन लि. आदि कार्यदायीं संस्थाओं द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यो को निर्धारित अवधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मेयर विनोद अग्रवाल, एमएलसी सतपाल सैनी, गोपाल अंजान, जिला पंचायत अध्यक्ष डा0 शेफाली सिंह, विधायक कुन्दरकी ठाकुर रामवीर सिंह, विधायक नगर रितेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष आकाश पाल, जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी सहित अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।




